बीजेपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज झूठे मुकदमे वापस हों: शिवराज

70
332

शिवपुरी : मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) कार्यकर्ताओं पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि अगर मुकदमे वापस नहीं हुए तो सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया जाएगा। इससे पहले बीजेपी नेता प्रीतम लोधी नौ दिनों से धरना दे रहे थे। हाल ही में उनका धरना खत्म कराया गया था।

शिवपुरी जिले के पिछोर विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी कार्यकर्ताओं पर दर्ज झूठे मुकदमों के खिलाफ जारी धरना-प्रदर्शन में हिस्सा लेने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री ने मंगलवार को कहा, ‘पिछोर विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी कार्यकर्ताओं पर राजनीतिक द्वेष के चलते जो मुकदमें लादे जा रहे हैं, वे गलत हैं और उन्हें वापस लिए जाएं।’

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, ‘ये मुकदमे वापस नहीं हुए तो जनता के साथ मैं भी सड़कों पर उतरूंगा। आगे भी झूठे मुकदमे दर्ज नहीं किए जाने चाहिए।’ गौरतलब है कि नौ दिन से पिछोर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ने वाले प्रीतम लोधी धरना दे रहे थे। चौहान ने मंगलवार को बीजेपी नेता प्रीतम को रस पिलाकर धरना-प्रदर्शन खत्म कराया

इस मौके पर शिवराज ने बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर ग्वालियर संभाग के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) मनोहर वर्मा, शिवपुरी पुलिस अधीक्षक राजेश हिंगणकर और कलेक्टर अनुग्रह पी. को ज्ञापन दिया और पिछले कुछ दिनों में पिछोर विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी कार्यकर्ताओं पर जो झूठे मामले लादे गए हैं, उनकी जांच कर उन्हें वापस लेने की मांग की।

Previous articleजल्द ही सोशल मीडिया पर दस्तक देंगी प्रियंका गांधी
Next article15 फरवरी को आ रहा Redmi X, इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर वाला कंपनी का पहला फोन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here