मौत से कुछ दिन पहले सुशांत की रिया के साथ मारपीट हुई थी, एक-दूसरे के परिवार को लेकर हुआ था झगड़ा

0
287

सुशांत सिंह राजपूत डेथ केस में अभिनेता और उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती को लेकर नया खुलासा हुआ है। मुंबई पुलिस के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मौत से कुछ दिन पहले सुशांत का रिया से बहुत बड़ा झगड़ा हुआ था। इस दौरान दोनों के बीच मारपीट भी हुई थी, जिसके बाद रिया घर छोड़कर चली गई थीं और उन्होंने सुशांत का नंबर ब्लॉक कर दिया था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच यह झगड़ा एक-दूसरे के परिवार को लेकर हुआ था।

कुछ दिनों पहले मुंबई पुलिस के कमिश्नर ने रिया और सुशांत के रिश्ते को लेकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि रिया 8 जून को सुशांत का घर छोड़कर चली गई थीं। क्योंकि वे खुद डिप्रेशन में थीं और उनकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी। उनके मुताबिक, रिया से दो बार हुई पूछताछ में यह बात निकलकर सामने आई थी कि सुशांत के साथ उनके रिश्ते में दिक्कत चल रही थी। रिया ने पुलिस को सुशांत की मानसिक बीमारी के बारे में बताया था।

पिछले दिनों सुशांत सिंह राजपूत का कॉल डिटेल रिकॉर्ड सामने आया था। इसके मुताबिक, 8 जून से 14 जून को अभिनेता के सुसाइड करने तक रिया से उनकी एक बार भी बात नहीं हुई थी। यहां तक कि दोनों के बीच किसी तरह का मैसेज भी एक्सचेंज नहीं हुआ था। 8 से 14 जून के बीच सुशांत ने सिर्फ दो आउटगोइंग कॉल लगाए थे। दोनों उनकी बहनों के लिए थे। वहीं, इस दौरान उनके कुल 9 इनकमिंग कॉल थे।

करीब 10 दिन पहले बिहार पुलिस से पूछताछ में सुशांत की बहन मीतू ने भी अपने भाई और रिया के बीच हुए झगड़े की बात कही थी। मीतू ने बताया था कि 8 जून को रिया ने उन्हें कॉल करके कहा था कि उनकी सुशांत से लड़ाई हो गई है। इसके बाद वे सुशांत से मिलने उनके बांद्रा स्थित घर गईं और उनके साथ कुछ दिन रहीं। सुशांत ने मीतू को बताया था कि रिया से उनकी लड़ाई हुई, जिसके बाद वह घर छोड़कर चली गई। इस दौरान रिया अपने साथ सुशांत का भी कुछ सामान ले गई थीं। रिया ने जाते वक्त यह भी कहा कि शायद वे अब कभी नहीं लौटेंगी। मीतू के मुताबिक, वे 8 से 12 जून तक सुशांत के साथ रुकी थीं। लेकिन बच्चे छोटे होने की वजह से उन्हें 12 जून को अपने घर वापस लौटना पड़ा था।

14 जून की दोपहर सुशांत सिंह राजपूत अपने बांद्रा वाले फ्लैट में पंखे से लटके पाए गए थे। लेकिन रिया खबर मिलने के बावजूद वहां नहीं पहुंची थीं। इतना ही नहीं, एक न्यूज चैनल की रिपोर्ट के मुताबिक, रिया ने न सुशांत के परिवार के किसी सदस्य को फोन किया और न ही उनके घरेलू स्टाफ से संपर्क करने की कोशिश की। हालांकि, अगले दिन सुबह जरूर वे कूपर हॉस्पिटल पहुंची थीं, जहां सुशांत की बॉडी का पोस्टमॉर्टम हुआ था।

पिछले दिनों रिया के वकील सतीश मानशिंदे ने खुलासा किया था कि अभिनेत्री को सुशांत के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होने दिया गया था। उनके मुताबिक, कोरोना के कारण अंतिम संस्कार में 20 लोगों के शामिल होने की अनुमति थी। लेकिन रिया का नाम इस लिस्ट से हटा दिया गया था। ऐसी खबरें पहले भी कई बार आ चुकी हैं कि सुशांत का परिवार रिया को पसंद नहीं करता था।

Previous articleपाबंदी के बाद भी TikTok टॉप पर, जुलाई में सबसे ज्यादा हुआ डाउनलोड
Next articleबुलंदशहर: मनचलों ने बनाया फिर बेटी को शिकार , US में पढ़ रही छात्रा की एक्सीडेंट में मौत

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here