राष्ट्रपति के फैसले पर सवाल उठाने वाले निर्भया के दोषी मुकेश को सुप्रीम कोर्ट से झटका लगा है। कोर्ट ने उसकी याचिका खारिज कर दी है। बता दें कि राष्ट्रपति ने मुकेश की दया याचिका खारिज कर दी थी। इसके खिलाफ मुकेश सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था। अब मुकेश के सभी कानूनी विकल्प खत्म हो गए हैं। सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जेल में उसके साथ कथित गलत व्यवहार राष्ट्रपति के फैसले के रिव्यु का ग्राउंड नहीं है। कोर्ट ने यह भी कहा कि राष्ट्रपति द्वारा याचिका के जल्द निपटान का ये मतलब नहीं है कि विवेक का इस्तेमाल नहीं हुआ।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद दोषी के वकील एपी सिंह ने फिर दया याचिका खारिज होने के तरीके पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने खुद कहा कि बिजली की रफ्तार से दया याचिका खारिज की गई। बता दें कि निर्भया का अन्य दोषी अक्षय भी अब क्यूरेटिव पिटीशन दाखिल कर चुका है। इसके बारे में सवाल पूछे जाने पर एपी सिंह ने कहा कि यह क्यूरेटिव पिटीशन नए ग्राउंड पर दाखिल की गई है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद निर्भया की मां ने कहा कि दोषी भले ही केस को लटका रहे हों, लेकिन न्याय जरूर होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि 1 फरवरी को फांसी जरूर होगी। वह बोलीं, ‘काफी लंबी लड़ाई लड़ी है। आगे भी लड़ेंगे। सात साल से देख रहे। आगे कानून पर भरोसा है कि इंसाफ होगा।’



