बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान का निधन बुधवार को हो गया । अभिनेता इरफान खान को मंगलवार को पेट के संक्रमण के बाद शहर के एक अस्पताल की आईसीयू में भर्ती कराया गया था । उनके प्रवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया था कि 53 वर्षीय अभिनेता को कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था । खान की 2018 में कैंसर की बीमारी का इलाज हुआ था ।
खान की 95 वर्षीय मां सईदा बेगम की चार दिन पहले जयपुर में मृत्यु हो गई थी । अभिनेता कोरोना वायरस से निपटने के लिए लगाये गये लॉकडाउन के कारण अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाये थे । कैंसर की बीमारी से निजात पाने के बाद 2019 में वापसी करते हुए अभिनेता ने ‘‘अंग्रेजी मीडियम’’ फिल्म की शूटिंग की थी ।
अपने कैंसर के बाद से ही इरफान अपने रूटीन चेकअप के लिए भी कोकिलाबेन अस्पताल जाते थे । इरफान खान हाई ग्रेड न्यूरोएंडोक्राइन कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे । साल 2017 जून के महीने में इस बीमारी का पता चलते ही इरफ़ान काम बीच में ही छोड़कर अपना विदेश में इलाज करा रहे थे । इरफ़ान ने न सिर्फ अपनी बीमारी की खबर सोशल मीडिया पर दी थी बल्कि समय-समय पर उन्होंने और उनके परिवार ने उनकी तबीयत से जुड़ी अपडेट साझा कर फैंस और मीडिया का शुक्रिया अदा किया ।






