प्रयागराज : खुल्दाबाद थाने में अतीक अहमद के जेल में बंद दोनों बड़े बेटों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कराया गया है। ये एफआईआर लखनऊ बिल्डर मोहम्मद मुस्लिम ने अतीक अहमद के दोनों बड़े बेटों के खिलाफ दर्ज कराई है, जिसमें उन पर अपहरण और रंगदारी मांगने का केस दर्ज हुआ है ।
अतीक अहमद का एक बेटा मोहम्मद उमर इन दिनों लखनऊ जेल में बंद है जबकि दूसरा बेटा अली अहमद प्रयागराज की जेल में बंद है। बिल्डर मोहम्मद मुस्लिम इन दोनों भाईयों के खिलाफ अपहरण और रंगदारी मांगने का केस दर्ज कराया गया है। अतीक के बेटों के साथ ही उसके करीबी आसाद कालिया, गनर एहतेशाम करीम, मोहम्मद नुसरत और अजय के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई गई है।
मोहम्मद मुस्लिम ने इस एफआईआर में इन सभी पर 15 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी नहीं देने पर अपहरण कराने, जान से मारने की धमकी देने और एक करोड़ 20 लाख रुपये की रंगदारी वसूलने का आरोप लगाया है। हालांकि शिकायतकर्ता बिल्डर मोहम्मद मुस्लिम भी अतीक गैंग का मेंबर है और उसके खिलाफ भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पिछले दिनों मोहम्मद मुस्लिम और अतीक के बेटे असद की बातचीत का ऑडियो सामने आया था, जिसमें वो अतीक के नाम पर उसे धमकी देते हुए सुनाई देता है।






