उद्धव ठाकरे ने राम मंदिर के लिए दिया एक करोड़ का दान

0
523

महाराष्ट्र की कमान संभालने के 100 दिन बाद जब मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे अयोध्या पहुंचे तो एक बार फिर उन्होंने हिंदुत्व को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। राम मंदिर के लिए एक करोड़ रुपये दान कर उद्धव ने साफ कर दिया कि शिवसेना की विचारधारा को लेकर वह अपनी राह पर कायम हैं। साथ ही उद्धव ने साफ कहा कि रामलला का मंदिर बनाना हम सब की जिम्मेदारी है। मंदिर ऐसा भव्य बनना चाहिए कि दुनिया देखे। 

महाराष्ट्र में गठबंधन सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर मुंबई से परिवार के साथ अयोध्या पहुंचे उद्धव ठाकरे ने कहा, ‘मैं यहां पर रामलला का आशीर्वाद लेने आया हूं। आज यहां मेरे साथ ‘भगवा परिवार’ के कई सदस्य हैं। पिछले डेढ़ साल के दौरान अयोध्या का यह मेरा तीसरा दौरा है। मैं आज यहां दर्शन-पूजन भी करूंगा। मैं राम मंदिर के लिए एक करोड़ रुपये दान करने की घोषणा करता हूं। यह दान राज्य सरकार की तरफ से नहीं, बल्कि मेरे ट्रस्ट से दिया जाएगा।’ 

उद्धव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘मैं बीजेपी से अलग हुआ हूँ, हिंदुत्व से नहीं। बीजेपी का मतलब हिंदुत्व नहीं है। हिंदुत्व अलग है और बीजेपी अलग है।’ उद्धव ठाकरे ने 28 नवंबर को महाराष्ट्र में कांग्रेस और एनसीपी के साथ गठबंधन कर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। सीएम बनने के बाद वह पहली बार अयोध्या पहुंचे हैं। 

उद्धव ने कहा, ‘मैं बार-बार अयोध्या आऊंगा। इसके साथ ही मैं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील करता हूं कि यहां पर जमीन मुहैया करा दें, जिससे महाराष्ट्र से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने का इंतजाम हो जाए। यहां पर महाराष्ट्र भवन का निर्माण किया जाएगा।’

Previous articleदेश में कोरोना वायरस के अब तक 31 मरीजों की पुष्टि
Next articleकोरोना वायरस के अब तक 408 केस और 7 मौतें, संक्रमण से ठीक हुए व्यक्ति की किडनी फेल होने से मौत

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here